शनिवार, 12 जून 2021

आलेख : 'आधुनिक सोच के लेखक : पराग के संपादक : आनंद प्रकाश जैन'- डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'

आधुनिक सोच के लेखक : 'पराग' मासिक के संपादक : आनंदप्रकाश जैन

आलेख : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'

    बात नवें दशक की है, जब मैं बालसाहित्य में नया-नया आया था। कहाँ-कौन छपा, कौन ज्यादा छपा, इसकी बड़ी जिज्ञासा रहती थी। बालसाहित्य में उन दिनों दो आनंद थे। एक बिहार के रामवचनसिंह 'आनंद' और दूसरे बंबई के आनंदप्रकाश जैन दोनों खूब छपते थे। उनकी रचनाएँ बेजोड़ होती थीं। मैं उनका उत्सुक पाठक और प्रशंसक था। जहाँ रामवचन सिंह 'आनंद' की कविताएँ 'सीके से बर्फी चुराई किसने/बोलो जी बोलो?' या 'दादा जी का खर्राटा' मेरे मन पर अपना जादुई असर कर गई थीं, वहीं आनंदप्रकाश जैन को 1989 में पहली बार ही पढ़ कर मैं उनका मुरीद हो गया। था। यद्यपि जैन साहब की ख्याति एक कथाकार के रूप में है लेकिन मैं जब भी उन्हें याद करता हूँ तो सबसे पहले उनका एक मजेदार शिशुगीत 'इलाज' मेरे में चहक उठता है। बड़े ही नटखट और अटपटे चटपटे अंदाज में लिखे इस शिशुगीत के क्या कहने शायद ऐसी बेजोड़ रचनाएँ लिखी नहीं जातीं, लिख जाती हैं और इसीलिए मन को भा जाती हैं। उस पर छा जाती हैं पराग के अप्रैल 1989 अंक में पृष्ठ 38 पर प्रकाशित आनंदजी के इस मजेदार शिशुगीत का, आप भी आनंद लीजिए रामू को जुकाम ने जकड़ा / फौरन खटिया पकड़ी। नाक निरख कर डाक्टर बोला फीस लगेगी तगड़ी बैग खोलकर डॉक्टर ने फिर चाकू एक निकाला। नाक काटनी होगी बेटा/ यह क्या झंझट पाला ? खटिया से छलांग लगाई खाक उड़ी ना धूल पंख लगाकर रामू पहुँचा पल भर में स्कूल।

    बच्चों की आम बहानेबाजी वाले इस गीत को पढ़कर सहज ही शरारती मुस्कान तैर उठती है यह शिशुगीत मुझे इतना पसंद है कि बाद में मैंने इसका प्रासंगिक उपयोग अपने उपन्यास 'टेढ़ा पुल' में भी किया।

    पराग के उसी अंक में जैन साहब की एक कहानी भी छपी थी लीडर जी छात्र और छात्रावास जीवन में किशोरों की परिपक्व होती मानसिकता और उसके बल पर परिस्थितिजन्य समस्याओं के स्वतः समाधान की सूझबूझ पर यह अनोखी-चोखी हास्य कहानी है जिसे एक बार पढ़ना शुरू करने के बाद पाठक मंत्रमुग्ध होकर पढ़ता चला जाता। है कहानी में महानगरीय परिवेश है और आधुनिक जीवन शैली का सहज चित्रण है। पुरातन से अधुनातन सोच लेने की उनकी कला भी देखते ही बनती है।

    पारंपरिक कहानियों के समय में इस तरह की आधुनिक कहानियों के सृजन में जैन साहब की तत्परता सजगता को देखकर मन उनके प्रति आदर से भर उठता है।

    ....तो पराग के एक ही अंक में उनकी दो-दो बेजोड़-मनभावन रचनाएँ देख मैं उनका भक्त हो गया। पराग में लेखकों के पते भी छपते थे। आगे चलकर मैंने उनको पत्र लिखा और अपनी लेखकीय रुचि और पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो रही अपनी रचनाओं के बारे में भी उन्हें बताया। एक तरह से अपनी लेखकीय प्रगति की सूचना देते हुए उनके आशीर्वाद की कामना की। मेरा अहोभाग्य कि लौटती डाक से उनका एक अत्यात्मीय पत्र मुझे मिला। पत्र क्या धरोहर कहूँ प्रशस्तिपत्र भी कहा जा सकता है। मुझे स्मरण है कि उन दिनों उनका वह स्नेहिल पत्र, मैं मित्रों को दिखाते न थकता था। एक-एक शब्द में कितना रस भरा था उन्होंने कि मेरे जैसा कोई भी नया लेखक भला उसके जादुई प्रभाव से कैसे बच सकता था? लगा था कि उनसे पुराना परिचय है और वे मेरे सहज संरक्षक हैं।

    उन्होंने लिखा कि तुम शायद नहीं जानते कि बड़ों को जब पता चलता है कि उनके स्नेहभाजन घुटनुओं चलना छोड़कर दौड़ने लगे हैं तो उन्हें कितनी प्रसन्नता होती है।

    पत्र इलेक्ट्रानिक टाइपराइटर से लिखा गया था, इसलिए मेरे पास उपलब्ध साहित्यकारों के ढेर सारे पत्रों में वह एकदम अलग था। बाद में उनकी पत्नी चंद्रकांता जैन के एक आलेख से जानकारी हुई कि वे रचनाएँ भी टाइपराइटर से ही लिखते थे दृष्टव्य सन् 1950 से तो टाइपराइटर ही इनकी कलम बन गया। बजाय एक हाथ के दोनों हाथों से लिखा जाने लगा। अपने समय के ये सबसे तेज लेखकों में गिने जाते थे। एक दीपावली पर मुझे अच्छी तरह याद है तेरह पत्र-पत्रिकाओं के विशेषांको में इनकी कहानियाँ छपी थीं (बाल साहित्य समीक्षा, अगस्त 1990, आनंदप्रकाश जैन विशेषांक, पृष्ठ 13)

        आज सोचिए तो लगता है कि वे वास्तव में उस जमाने में आधुनिक ढंग से सृजन में आधुनिक रंग भरनेवाले लेखक थे।

परिवार के साथ 

    आनंदजी से मैं जुड़ा तो जुड़ता ही चला गया। उन दिनों बालहंस में एक स्तंभ था- बालसाहित्य के गौरव। इसके नवें क्रम में आनंदजी के बारे में विस्तृत परिचयात्मक आलेख छपा। यद्यपि इसे चंद्रपालसिंह यादव 'मयंक' से भेंटवार्ता के रूप में प्रकाशित किया गया था लेकिन था यह विवरणात्मक आलेख खैर... इस आलेख को पढ़कर उनके बारे में विस्तार से जानने को मिला। यह जाना कि वे कथा साहित्य के महारथी हैं और उनके ढेरों बालउपन्यास छप चुके हैं और वह भी केवल उनके नाम से ही नहीं बल्कि छद्मनाम चंदर से भी। यह जाना कि वे मूलतः कवि थे। यह जाना कि वे पराग के संपादक रह चुके हैं और अपने संपादन काल में उन्होंने लेखकों का पारिश्रमिक लगभग दस गुना बढ़वा दिया था। वे वास्तविक संपादक थे। रचना को वापस करते समय प्रायः उनकी टिप्पणियाँ, रचनाओं से भी लंबी हो जाती थीं।

        दो माह बाद ही डॉ. राष्ट्रबंधु जी ने बालसाहित्य समीक्षा पत्रिका के अगस्त और सितंबर 1990 अर्थात दो अंक आनंदप्रकाश जैन विशेषांक के रूप में प्रकाशित किए। इनसे उनके बारे में और अधिक जानने  का अवसर मिला।

    नि:संदेह लेखक के रूप में तो वे प्रणम्य हैं ही, संपादक के रूप में भी उनकी स्तुत्य भूमिका है। पराग के बहाने उन्होंने किशोर साहित्य को खूब बढ़ावा दिया और वे शिशुगीतों की तो एक अविरल परंपरा के ही संवाहक हैं। उन्होंने शिशुगीत रचनाकारों के समक्ष सृजन के मानदंड प्रस्तुत किए। सच बात तो यह है कि उनके एक आलेख 'अटपटे शिशुगीतों का चटपटा संसार, से मैंने भी बहुत कुछ सीखा। खासकर जो उदाहरण इस आलेख में उन्होंने प्रस्तुत किए थे, उनमें से कई आज भी मेरी जबान पर चढ़े हैं और बहुधा उनकी चर्चा कर ही बैठता हूँ। छोटा सा यह आलेख जैसे शिशुगीतों का घोषणापत्र है जिसे पढ़ते हुए शिशुगीतों की लंबी राह की अंतरंग यात्रा का सुख मिलता है।

    इस आलेख के प्रारंभ में ही वे बताते हैं कि सबसे पहले शिशुगीत का अंकन फ्रांसीसी भाषा में 13वीं शताब्दी में हुआ। गीत था थर्टी डेज हैथ सेप्टेंबर... फिर इस यात्रा की चर्चा करते हुए वे सैद्धांतिक विवेचन और अपने अनुभवों को भी प्रस्तुत करते हैं। शिशुगीतों की अंतर्प्रकृति का जितना सहज और स्पष्ट चित्रण कम शब्दों में उन्होंने किया है, कदाचित् ही अन्यत्र दृष्टिगत हो। जैन साहब के शब्दों में शिशुगीतों की भाषा कोई भी हो, उनकी पहली शर्त यही है कि उनमें कुछ ऐसा अटपटापन हो, जो बरबस ही गुदगुदाए, खासतौर पर बच्चों के सरलबोध को और उन बड़ों को भी जिनकी प्रवृत्ति बच्चों के समान हो। फिर दूसरी शर्त ठहरती है शिशुगीत के चटपटे होने की यह कोई तुकबंदी का मसला नहीं है। न ही सिद्धहस्त और धुरंधर कवियों के काव्य बोध से इसका कोई सरोकार है। यह है हम आप जैसे सामान्य लिखने बोलने वालों की आंतरिक विनोदप्रियता की सहज अभिव्यक्ति, जो अचानक बच्चों को मुदित करने के लिए फूट पड़ती है। इस प्रकार के कवियों को हम अल्हड़ कवि कह सकते हैं।' (शंभूप्रसाद श्रीवास्तव: व्यक्तित्व कृतित्व, पृष्ठ 49 )

  


 
आनंद प्रकाश जैन जी  1960 से 1972 तक पराग के संपादक रहे। इस अवधि में उन्होंने पूरे दो पृष्ठों में शिशुगीत प्रकाशित करने की परंपरा विकसित की। उन्होंने आत्मकथ्य में स्वीकार किया है कि केवल बड़े लेखकों के प्रभाव में आए बगैर उन्होंने सहज भाव से नई प्रतिभाओं का सम्यक् उपयोग किया। फलस्वरूप श्रेष्ठ शिशुगीत स्वाभाविक रूप से प्राप्त होते गए।

    उन्होंने किशोर साहित्य को लेकर खुलेपन की हद तक प्रयोग किए और शायद इसी कारण पराग को त्यागपत्र भी देना पड़ा। यह अति मुखरता का परिणाम था ।

    आनंदजी के पास कारयित्री और भावयित्री दोनों ही प्रतिभाएँ थीं। जहाँ अपने आलेखों के माध्यम से वे मानकों की वकालत करते रहे, वहीं अपने रचनाकर्म के द्वारा उन्होंने मानकों को प्रस्तुत भी किया । बालसाहित्य के माध्यम से वे भावनात्मक पोषण के हिमायती थे। वे आडंबर के प्रबल विरोधी थे। वे आरोपित बालसाहित्य की बजाय, स्वाभाविक बालसाहित्य की बात करते थे। एक आलेख में उन्होंने खिचड़ी बालसाहित्य को लेकर चिंता व्यक्त की और केवल लिखने के • लिए लिखे गए बालसाहित्य के प्रकाशन पर प्रकाशकों को आड़े हाथों लेते हुए कहा था प्रकाशक को लेखक नहीं, लिक्खाड़ चाहिए।' उनका कहना था कि बच्चों को आगे बढ़ो जैसे अमूर्त बोध न दें। बल्कि ..' किस तरह वह आगे बढ़े, क्या करे, कौन सी तरकीबें आजमाए कि वह आज की जानलेवा होड़ में, सफलताओं की प्राप्ति के लिए अगली पंक्तियों में खड़ा हो सके, इसका व्यावहारिक ज्ञान उसे चाहिए। कोरी और अव्यावहारिक बातों के संदर्भ में उन्होंने साफ किया है कि देश प्रेम जैसी भावनाएँ भरना बहुत बड़ा अनुष्ठान है। उससे पहले व्यक्ति प्रेम, पड़ोसी प्रेम और साहित्य प्रेम जैसी भावनाएँ तो हम बच्चों में भरने की सोचें । जब हम अपने पड़ोसी के ऊपर जान नहीं दे सकते तो देश के लिए क्या जान देंगे।' (भारतीय बालसाहित्य के विविध आयाम, पृष्ठ 31)

    बालसाहित्य के मानदंड शीर्षक आलेख में जैन साहब ने लाख टके की बात, और वह भी आज से पचास साल पहले कही है। खासकर बड़ों के साहित्य की पठनीयता के समक्ष आसन्न संकट और साहित्यिक पलायन को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए सहज समाधान भी परोसा है- 'सबसे बड़ी बात वर्तमान भारतीय बालसाहित्य को आधुनिक रूप देना इसलिए भी आवश्यक है कि बड़े होकर इस बालसाहित्य के पाठकों को उस बौद्धिक साहित्य का अनुशीलन करने का अवसर अधिक सुविधा के साथ मिल सके, जिसे आज के बड़े कहलानेवाले बच्चे समझने में कठिनाई अनुभव करते हैं और सस्ते तथा अवांछनीय साहित्य की ओर दौड़ते हैं।' (मधुमती, जुलाई-अगस्त, 1967, भारतीय बाल साहित्य विवेचन विशेषांक, पृष्ठ 375)

    आनंदप्रकाश जैन जी बालसाहित्य के सजग लेखक और संपादक थे। उनके विचार समसामयिक हैं। सार्वकालिक हैं। कविता और कहानी ही नहीं, उन्होंने बाल नाटक भी लिखे। आधुनिकता का पुट वहाँ भी बरकरार है। उनका एक नाटक है 'परियों के देश में, जिसके नाम पर न जाइए। कल्पनाशीलता के बल पर यथार्थ का चित्रण ही तो उनकी खूबी है जिसे वे बखूबी निभाते हैं, चाचा रंगीराम और भतीजे विपिन के बहाने बच्चों को जीवन के सच से जोड़ने का उपक्रम जिस मजेदार ढंग से इस नाटक में किया गया है। उसकी सराहना करना कठिन है। नाटक में काव्य पंक्तियों के प्रयोग से वैशिष्ट्य आ गया है। फूड परी और अमरूद को रसगुल्ला समझने की कल्पना अपूर्व है। ( साहित्य अमृत, नवंबर 2012, पृष्ठ 125)

    रोचकता ही बालसाहित्य का प्राण तत्व है और इस दृष्टि से जैन साहब बाल साहित्य में प्राण फूँकते हैं। एक मजेदार बात, शायद मुझे ही लगता हो कि वे अपनी अधिकांश कहानियों में गाहे-बगाहे कोई न कोई खाने की मजेदार चीज जरूर ले आते हैं। जैसे कहने को इतिहास कथा 'आगे बढ़ो' में राजस्थान के एक राजा के बेटों हिम्मत सिंह और बप्पालाल की कहानी किस्सागोई शैली में है और काल्पनिक पात्रों बीरवल और चाणक्य को भी उसमें शामिल कर लिया गया है लेकिन आधुनिक परिवेश के जिज्ञासु बच्चों की हुंकारियों के साथ कहानी जिस नवेले अंदाज में बढ़ती जाती है और वह भी अंतर्कथाओं की उपमाओं के साथ-साथ कि कहानी में उपन्यास जैसा आनंद आने लगता है। इस

    कहानी के प्रारंभिक चुटीले संवाद देखिए : चाणक्य ने एक गरम पुआ मुँह में डालते हुए हमसे कहा- 'आगे

    'किधर आगे बढ़ें?' हमने सवाल किया। 'मालपुआ हम भी खाना चाहते थे।'

    'हाँ, ' चाणक्य ने भी अपनी चुटिया हिलाई 'हमने पाँच गरमागरम मालपुए आपके लिए रख छोड़े हैं। अगर आपने उस कहानी से हमें आगे बढ़ो का अर्थ समझा दिया तो पाँचो आपके।'

    'मगर यह याद रखिए कि... कहानी से यह स्पष्ट संकेत मिलना चाहिए कि हम किधर को आगे बढ़ें, जिससे..'

    'हमारी पढ़ाई लिखाई की समस्या हल हो' चाणक्य ने कहा। 'औल हमें लोज-लोज मालपुए खाने को मिलें। तोतूराम ने कहा। (बालहंस, जून द्वितीय, 1990, पृष्ठ 10)

    तो वहाँ अमरूद की बात थी, यहाँ मालपुए की और ऊपर जिस लीडर कहानी की बात मैंने की थी, उसमें अमरूद के रस का जिक्र हुआ है।


    जो भी..., आनंद जी का बालसाहित्य आनंद रस से भरपूर है। कहानी में कहानी गढ़ने में माहिर आनंदजी की रससिद्ध रचनाएँ आने वाले समय में भी अपनी श्रेष्ठता के कारण महत्वपूर्ण रहेंगी। उनकी सम्पूर्ण बाल कहानियाँ प्रकाश मनु जी के संपादन में दिल्ली पुस्तक सदन से प्रकाशित हुईं हैं।  

    डॉ. भैरूंलाल गर्ग के संपादन में उन पर केन्द्रित 'बाल वाटिका' का  विशेषांक बहुचर्चित  हुआ है ।

  बालसाहित्य में नये संदर्भों को जोड़ने और बालसाहित्य धारा को मोड़ने के लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा।     आधुनिक सोच के महारथी और पराग जैसी पत्रिका स्थापित करनेवाले आनंद प्रकाश जैन को मेरा सादर  नमन (यह आलेख  'बाल वाटिका' मासिक के जुलाई 2016अंक में पृष्ठ  38 पर प्रकाशित  हुआ था)

गुरुवार, 3 जून 2021

आलेख : ‘बाल साहित्य की अमिट हस्ताक्षर शकुंतला सिरोठिया' -डा. नागेश पांडेय ’संजय'

बाल साहित्य की अमिट हस्ताक्षर शकुंतला सिरोठिया
आलेख : डा. नागेश  पांडेय ’संजय'

    ठंड बड़ी अकड़ी है/बर्फ से जकड़ी है। छम्मक छबीली है/ बेहद नखरीली है। कौड़ी बिक जाएगी, गर्मी तो आने दो। बच्चों को खिलाती है/ बूढ़ों को सताती है। अमीरों को हंसाती तो गरीबों को रुलाती है। पीछे पछताएगी/ धूप गरमाने दो। रात खिलखिलाती है/ओस से नहाती है। सुबह मुस्कुराती है/धूप को चिढ़ाती है। ऐंठ निकल जाएगी, फागुन तो आने दो। (राष्ट्रधर्म, फरवरी,1997,पृ. 52)

    जी,हां। यह शकुंतला सिरोठिया जी की वह कविता है जो मुझे कितना प्रिय है, यह कहना मेरे लिए कठिन है। धाराप्रवाह पढ़ते-पढ़ते कविता एकदम जो उठान देती है कि बांछे खिल जाएं। मन खिलखिला उठे। कौड़ी बिक जाएगी, पीछे पछताएगी या ऐंठ निकल जाएगी जैसी पंक्तियों को बोलते या उन तुकान्तों पर बल देते हुए लगता है कि हम महारथी हैं और नाच नचाने वाली नखरीली ठंड  हमारे आगे खड़ी कांप रही हैं।

    यह अनोखी कविता 1996 में अपने हाथों से  लिखकर सिरोठिया जी ने मेरे विशेष आग्रह पर मुझे भेजी थी। मैं उन दिनों राष्ट्रधर्म मासिक पत्रिका में नियमित रूप से 'बाल साहित्य मनीषी स्तंभ' लिख रहा था। इसमें बाल साहित्य के अग्रगण्य रचनाधर्मियों पर मेरे आलेख के साथ-साथ उनकी एक उत्कृष्ट रचना भी  प्रकाशित की जाती थी। सिरोठिया जी की यह कविता तो कुछ ऐसे मेरे मन चढ़ी कि आज भी चाहे सर्दी की बात चले और चाहे सिरोठिया जी की, यह कविता किसी हंसिनी सी मेरे मन सरोवर में तैरने लगती है। 


    शकुन्तला  जी से मेरा परिचय 1988 में हुआ। कानपुर से बाल दर्शन  पत्रिका छपती थी। उसकी प्रधान संपादक मानवती आर्या जी थीं। सिरोठिया जी उसमें बालमंच की संपादक थीं। मैंने नया-नया लिखना शुरू किया था। इलाहाबाद के पते पर उन्हें एक कविता भेजी-राजू जागो। जल्दी ही उनका स्वीकृति पत्र आ गया। किसी पत्रिका में प्रकाशन के लिए स्वीकृत होने वाली मेरी यह पहली कविता थी। भले ही इसका प्रकाशन बाद में हुआ और पहली बार मेरी कविता बाल साहित्य समीक्षा में प्रकाशित हुई। फिलहाल वह पोस्टकार्ड आज भी मेरे पास सुरक्षित है। सच कहूं, तो किसी सम्मान पत्र से कम नहीं।

   15 दिसम्बर 2015 को जन्मीं  सिरोठिया जी बाल साहित्य की अनुपम साधिका थीं। गद्य और पद्य दोनों ही विधाओं में उन्होंने लिखा और अनूठा लिखा। उनकी लोरियां अद्भुत हैं। निरंकारदेव सेवक ने लिखा भी है कि जैसी लोरियां शकुंतला जी ने लिखीं वैसी किसी ने नहीं लिखीं। वास्तव में उनकी लोरियों की अजब ही छटा है। वे गढ़ी हुई नहीं लगतीं। बाल साहित्य के मुकुट में अमोल रत्नों की तरह जड़ी हुई लगती हैं। जिसने भी कहा, उन्हें ‘लोरी साम्राज्ञी’ ठीक ही कहा है। मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मानता हूं कि उनके मुख से न जाने कितनी उनकी लोरियां सुनी हैं। लखनऊ, कानपुर, इंदौर, इलाहाबाद आदि जाने कितने स्थानों पर उनके साथ आयोजनों में सम्मिलित हुआ हूं। उज्जैन  तो मैं कभी भूल नहीं सकता जब एक ही कार में उनके साथ महाकालेश्वर  मंदिर गया और उनका हाथ पकड़कर सीढ़ियां चढ़ी-उतरी थीं। 

    मैं उनके घर भी गया हूं। भोजन किया है। ...और उनके घर पर ही 1995 में अपनी पुस्तक ’नेहा ने माफी मांगी‘ के लिए शकुंतला सिरोठिया बाल साहित्य पुरस्कार(गद्य) प्राप्त किया है। जी, हां, यह पुरस्कार प्रयाग की संस्था अभिषेक श्री के द्वारा प्रतिवर्ष दिया जाता था और उनके जीवन के पश्चात नहीं चल सका। उन दिनों बाल साहित्य में इने-गिने पुरस्कार थे और इस पुरस्कार की घोषणा की प्रतीक्षा बाल साहित्य जगत में विशेष उत्सुकता के साथ की  जाती थी। इसके नेपथ्य में श्रेष्ठ बाल साहित्य को प्रोत्साहित करने का भाव था। वरेण्य साधकों के हाथों यह पुरस्कार दिया जाता था। पहले ही कार्यक्रम की अध्यक्षता छायावाद की आधार स्तंभ महादेवी वर्मा ने की थी। मुझे यह पुरस्कार कवि केसरी नाथ त्रिपाठी के हाथों मिलना था। संयोग से उसी तिथि में मेरी परीक्षा पड़ गई। मैं जा न सका तो उन्होंने बाद में अपने घर पर कार्यक्रम रखा। इस पुरस्कार को लेकर एक रोचक वाकया मुझे याद आ रहा है। इसकी निर्णायक समिति में एक बिहार के रामवचन सिंह आनंद भी थे। वे मुझसे बहुत स्नेह करते थे। इस पुरस्कार की घोषणा से पूर्व ही उन्होंने मुझे पत्र लिख दिया-नागेश, निकट भविष्य में तुम्हें एक पुरस्कार मिलने वाला है। मैं उन दिनों नया रंगरूट था। बीस साल की उमर थी।  बाल साहित्य का कोई पुरस्कार तो मिला नहीं था और केवल शकुंतला सिरोठिया पुरस्कार के लिए ही प्रविष्टि भेज रखी थी, इसलिए तुरंत ही अनुमान लगा लिया कि हो न हो, यह शकुंतला सिरोठिया पुरस्कार ही होगा। एक माह तक कोई सूचना न मिली तो इस बारे में पत्र लिखकर सीधे सिरोठिया जी से ही पूछ बैठा। बस, फिर क्या था। बेचारे रामवचन सिंह जी। उनको कोपभजन बनना पड़ा। दोबारा निर्णायक भी नहीं बनाए गए। मुझे भी सिरोठिया जी ने लिखा कि आपको पुरस्कार मिलेगा या नहीं, इसका निर्णय तो दूसरे निर्णायक से अंक प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। आज भी जब अपनी वह बचकानी हरकत याद आती है तो हंसता भी हूं और कहीं न कहीं मन में खीझ भी उठती है कि भला ऐसी भी क्या व्यग्रता?

    बहरहाल इससे यह तो सिद्ध होता ही है कि उनके संयोजन में पुरस्कार की व्यवस्था कितनी पारदर्शी  और चुस्त-दुरुस्त थी। 

    काश ! कि उनके जीवनकाल के बाद भी यह पुरस्कार चलता रहता। बाल साहित्य जगत या कम से कम उनके परिवार वालों को तो इस दिशा में सोचना ही चाहिए।

     सिरोठिया जी बाल साहित्य की सौभाग्यशाली लेखिका हैं जिनका समग्र बाल साहित्य हिंदी प्रचारक संस्थान, वाराणसी से प्रकाशित हो चुका है।

    सिरोठिया जी अध्यापिका थीं। राजकीय महिला शिशु  प्रशिक्षण केंद्र, प्रयाग से उन्होंने अवकाश  ग्रहण किया था। एक तरह से शिशुओं और माताओं के हृदयों की गहराइयों का गहन अध्ययन उन्होंने किया था। सूर का संदर्भ लेकर यह भी कह सकता हूं कि वे शिशु और मातृ मन का कोना-कोना झांक ही नहीं, आंक भी आईं थीं। यही कारण है कि माताओं के लिए जहां उनकी लोरियां अद्भुत हैं, वहीं शिशुओं के लिए उनके गीत भी नायाब हैं। सो जा मेरे लालना, चंदा प्यारे आ जाओ, तारों का बाजार लगा, निंदिया प्यारी आ जा तू, सो जा राजदुलारी तथा सो जा मेरे लालना जैसी लोरियों की तो चर्चा खूब ही हुई है। मैं उनकी एक से बढ़कर एक लोरियों में अपने अनूठे सानुप्रासिक शब्द संयोजन, भाव-भंगिमा और गजब की ध्वन्यात्मकता के चलते इस लोरी की तो प्रशंसा करते नहीं थकता जिसे अपने  निंदियारे बच्चे को कंधे पर लगाए जब आप गुनगुनाएंगे तो मेरा वादा है कि कहीं उसके आनंद की स्निग्धता से आप स्वयं भी झपकी न लेने लग जाएं -निंदिया थम-थम-थम। चंदा चम-चम-चम! तारे दम-दम-दम! निंदिया थम-थम-थम। पानी झम-झम-झम! गेंदा गम-गम-गम! निंदिया थम-थम-थम! ढोलक ढम-ढम-ढम! पायल छम-छम-छम! निंदिया थम-थम-थम। 

    आइए, उनके कुछ अटपटे-चटपटे  शिशुगीतों की बानगी देखें। ’गुड़िया की परेशानी‘ शिशुगीत में हास की उत्फुल्ल छटाएं हैं। यों चूहे से परेशान गुड़िया की व्यथा बड़ी मार्मिक है-रोती-रोती गुड़िया आई/किससे अपनी बात कहूं। चूं-चूं ने आफत कर डाली/ऐसे घर में कहां रहूं। कुतरी चुनरी गोटे वाली/लाल रंग की प्यारी-प्यारी। डाल नहीं घूंघट पाऊंगी/दूल्हे संग कैसे जाऊंगी। मर जाऊंगी लाज की मारी/ कैसे अब ससुराल रहूं।

    ऐसे ही ढुम्मुक-ढुम शिशुगीत की ध्वन्यात्मकता झूमने को मजबूर करती है-मंटू-बंटू दोनों भाई/दोनों में हो गई लड़ाई। गिर गए दोनों ढुम्मुक-ढुम। ढुम्मुक-ढुम भाई ढुम्मुक-ढुम/ मैं हूं राजा, नौकर तुम। 

    खास बात कि पैनी नजर के चलते उनके शिशुगीतों में हास की सहज ही सृष्टि संभव हो जाती है। टिड्डे के हरे धनिया पर बैठने की कल्पना और उसे देखकर उत्पन्न भय का यह प्रसंग भी मजेदार है-धनिया पर बैठा था हरा-हरा टिड्डा/ लंबू बेहोश  होकर गिर गए थे।

     उनके शिशुगीतों और बाल कविताओं में मार्मिकता और संवेदना भी है। नयापन तो है ही। बच्चे की प्रतीक्षा में मां की अन्यमनस्कता और बेचैनी पर भी उनकी यह रचना उद्धरणीय है, जिसमें बकरी के बहाने वे अपनी बात कहने में सफल हुई हैं-मेरी मुनिया, अरे अरे। क्यों करती है में में में? तेरा बच्चा कहां गया? खोज रही है उसको क्या? पढ़ने कहीं गया होगा/टीचर ने रोका होगा।

    उनकी कविताओं में बालसुलभ प्रवृत्तियां सहज दृष्टिगत होती हैं। खीर गिर जाने से बच्ची के भूखे रहने की चिंता का वर्णन भी कुछ ऐसा ही है- गीता मूढ़े पर बैठी थी/चम्मच से खाती थी खीर। मकड़ी एक पीठ पर कूदी/गिर गयी चम्मच, बिखरी खीर। अब क्या गीता खाएगी/क्या भूखी रह जाएगी?

    शकुंतला सिरोठिया जी ने बच्चों के लिए उपन्यास भी लिखे हैं और नाटक भी। गंधराज और जंगली जानवरों के बीच अकेली लड़की दानों ही बालिकाप्रधान हैं और एक तरह से बालिका साहित्य की कमी की दिशा  में बड़ी भरपाई करते हैं। बालिकाओं में अदम्य साहस जगाने और कुछ नया करने की प्रेरणा से लबरेज उनके ये उपन्यास भाषा की दृष्टि से समृद्ध हैं। कोई कठिनाई नहीं, बच्चे पढ़ते-पढ़ते हृदयंगम करते चलते हैं। 

    उनके कथा साहित्य में जाति, धर्म, क्षेत्र के पूवाग्रहों से बहुत ऊपर उठकर केवल मानवीय संवेदनाओं की झांकी है। जिसे निहारते हुए मन चहक उठता है। अंदाज भी निराला होता है जिससे कथ्य को स्वाभाविक गति मिलती है। उनकी कहानी ’अपने ही घर में‘ का संदेश उन बड़ों के लिए भी ग्रहणीय है जो मजहबी दायरों में इंसानियत की बलि चढ़ा देते हैं लेकिन यह कहानी तो ऐसे उदारमना इंसानों की अनूठी आत्मीयता और विश्वास को बयां करती है जिस पर बलिहारी होने को मन करता है। राकेश और नईम ही जिगरी दोस्त नहीं हैं, बल्कि उनके परिवार में भी वही विश्वास  कायम है। हिंदू-मुस्लिम के झगड़े के दौरान राकेश को नईम के घरवाले पूरी पनाह देते हैं और यही नहीं, राकेश के पिता भी उससे फोन पर वहीं रहने की सलाह देते हुए कहते हैं कि समझ ले तू अपने पिता के ही घर में है। तू वहां ज्यादा सुरक्षित है। 

    सिरोठिया जी की पद्य कथाएं भी अप्रतिम हैं। दुलहिन चुहिया दूल्हा बिल्ला, राणा रणजीत सिंह, शेर और बकरी, भोला और शेरा, तीन भालू तथा बिल्ली रानी उनकी बड़ी ही मजेदार पद्य कथाएं हैं। इनमें मनोरंजन की प्रचुरता के साथ सहज संदेश भी सन्निहित है। उनकी रचना ’फूल का पहरेदार‘ तो महाराष्ट्र के कक्षा 6 के पाठ्यक्रम में पढ़ाई जाती रही।

    उन्होंने नाट्यरूपक भी लिखे। चतुर ओडीसस और स्वतंत्रता के पथ पर किशोरों की दृष्टि से बेहतर हैं। कवि हृदया होने के कारण नाटकों में आए गीत भी चुस्त-दुरुस्त हैं लेकिन वर्षापति का दरबार तथा शिशुनगर नाटकों के संवाद प्रायः बहुत लंबे हो गए हैं। मंचीयता की दृष्टि से बाल पात्रों को इन्हें याद करने में कठिनाई होगी। 

    सिरोठिया जी का एक काम और भी बहुत बड़ा है, जिसकी चर्चा यद्यपि कम हो सकी। शिशु चित्रकला नामक उनकी पुस्तक अपने ढंग की अद्वितीय कृति है।

    सिरोठिया जी ने 1928 में लेखन आरंभ किया था। उनकी पहली रचना शिशु मासिक  में 1929 में शकुंतला शर्मा के नाम से प्रकाशित हुई थी। वे जीवन पर्यंत लिखती रहीं।      

    हिंदी में उनके हस्ताक्षर मुझे बहुत अच्छे लगते थे। वस्तुतः वे बाल साहित्य की अमिट हस्ताक्षर हैं। बाल साहित्य की बात चलेगी। बाल साहित्य में लोरियों की बात चलेगी। वे याद आएंगी और हमारा माथा उनके सम्मान में झुक-झुक  जाएगा।

    5 जून 2005 को सिरोठिया जी हमसे बिछुड़ गईं। उनके जन्म शताब्दी वर्ष पर डॉ. भैरूंलाल गर्ग  जी ने बाल वाटिका मासिक का बहुत ही सुंदर विशेषांक प्रकाशित  किया था।  उनकी पावन स्मृति को हमारा भी नमन और अशेष श्रद्धांजलि !

(यह आलेख बाल  वाटिका मासिक, दिसम्बर 2015 के विशेषांक में पृष्ठ  30 पर प्रकाशित हुआ था )



हिंदी, गुजराती और सिंधी के बालसाहित्यकार : डॉ. हूंदराज बलवाणी

 हिंदी, गुजराती और सिंधी के बालसाहित्यकार : डॉ. हूंदराज बलवाणी
टिप्पणी : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय' 

     डॉक्टर हूंदराज बलवाणी जी हिंदी, गुजराती और सिन्धी बाल साहित्य  के सेतु पुरुष है;  उन्होंने कविता और कहानी : दोनों ही विधाओं में उच्च कोटि का बाल साहित्य लिखा और अनुवाद के माध्यम से भी उसे बच्चों तक पहुंचाया। बालसाहित्य के शोधकर्ता और पाठ्यपुस्तक अधिकारी के रूप में भी उनकी बड़ी भूमिका है।


     मेरा सौभाग्य है कि विगत 27 वर्षों से निरंतर उनके संपर्क में हूँ। 1994 में उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान  के निदेशक विनोद चंद्र पांडे द्वारा आयोजित सर्व भाषा बाल साहित्य समारोह में उनसे पहली बार भेंट हुई थी।..  और तब से निरंतर एक शुभचिंतक अग्रज की भांति उन्होंने मुझे अपना आशीर्वाद प्रदान किया है।

     कानपुर, दिल्ली, भीलवाड़ा आदि-इत्यादि अनेक स्थानों पर उनसे मिलना जुलना होता रहा। कानपुर में वे हम लोगों के लिए गुजराती मिठाई लेकर आए थे। अधिकार भाव से कहा था, 'नागेश, तुम सबसे छोटे हो इसलिए सबसे ज्यादा मिठाई खाओगे। मैं जलेबी जैसी उस गुजराती मिठाई का नाम तो भूल गया किंतु उसका स्वाद और दादा का अपनापन आज भी याद है। उन्होंने मेरी अनेक रचनाओं का हिंदी और गुजराती में अनुवाद किया।

      मैंने जब 2005 में 'किशोरों की श्रेष्ठ कहानियां' संकलन संपादित किया था तो उनकी 'मुकाबला' कहानी को आग्रहपूर्वक मंगाया था। उस संकलन का आवरण उनकी ही कहानी पर आधारित है। सभी कहानियों के साथ लेखकों के स्केच फ़ोटो भी प्रकाशित हुए थे। 

मुझे गुजराती नहीं आती लेकिन अपनी बेटी की मदद से मैंने उनके गुजराती बाल साहित्य का भी आनन्द प्राप्त किया है। 

मेरी ईश्वर से प्रार्थना है, हिंदी, गुजराती और सिंधी के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. हूंदराज बलवाणी सदैव-स्वस्थ सानंद रहें। उनका आशीर्वाद सदैव हमें प्राप्त होता रहे।

रविवार, 30 मई 2021

आलेख : 'बहुआयामी कृतित्व के धनी : जयप्रकाश भारती' - डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'


  'बहुआयामी कृतित्व के धनी : जयप्रकाश भारती' 

आलेख : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'      

    जयप्रकाश भारती जी  से मेरी पहली भेंट नंदन कार्यालय में हुई थी। 1995 की जनवरी यानी कड़ाके की ठंड। मैं  दिल्ली बालकन जी बारी इंटरनेशनल के आयोजन में गया था। मुझे ज्ञात था कि समारोह के मुख्य अतिथि भारतीजी हैं लेकिन मैं नहीं चाहता था कि उनसे भेंट की मेरी बहुत पुरानी इच्छा दिल्ली आकर भी प्रतीक्षा के बोझ से दबे। सूर्य का कार्यालय बंद हो चुका था लेकिन बालसाहित्य का यह सूर्य तो बड़ी ही तत्परता और सजगता से अपने कार्यालय में मुस्तैद था। मेज पर ढेर सारी डाक पड़ी थी और भारतीजी उसे छाँटने में लगे हुए थे। मुझे लगा कि ऐसे समय पर पहुँचकर मैंने गलती की है लेकिन नहीं, यदि उस समय न पहुँचता तो एक उदात्त व्यक्तित्व की महानता और आत्मीयता का साक्षात् कैसे संभव होता? तब मुझे अनुभूति हुई थी कि भारतीजी केवल संस्कारवान साहित्य के ही नहीं, अपितु तदनुरूप आचरण के भी कुबेर हैं। 

    मैं लगभग एक घंटे उनके साथ रहा। ढेरों बातें हुई। बालसाहित्य के प्रति उनकी गहरी निष्ठा और चिंता को बहुत करीब से अनुभव किया। मैंने जाना कि यह व्यक्ति तो वास्तव में बालसाहित्य का पर्याय है। गजब की अंतरंगता और इसके साथ-साथ अभूतपूर्व साहस भी। बालसाहित्य के महत्व को प्रतिपादित करने का साहस। बालसाहित्य के प्रति भ्रांतिपूर्ण दृष्टिकोणों को तोडने का साहस। जी हाँ, बालसाहित्य को मान्यता दिलाने का साहस। 

जयप्रकाश भारती, पद्मश्री श्याम सिंह शशि, पद्मश्री उषा यादव, डॉ. राष्ट्रबंधु, डॉ. राजकिशोर सिंह के साथ लेखक 

भीलवाडा में 





इस भेंट के बाद भारतीजी से कई बार मिला। कभी दिल्ली, कभी कानपुर तो कभी आगरा में आगरा विश्वविद्यालय और केन्द्रीय हिंदी संस्थान और  कभी भीलवाड़ा में । मैं हमेशा उनके साहस का कद्रदान रहा। बेबाक टिप्पणी उनकी आदत थी। हिंदी के बालसाहित्यकारों में एक बड़ी कमी है, बालसाहित्य के बारे में उनका सामान्य ज्ञान बहुत कम है। अतीत की तो छोड़ दीजिए, बालसाहित्य के वर्तमान के बारे में भी ठीक से जानकारी नहीं रखते। बालसाहित्य के बारे में कोई कुछ भी कह-बोल दे, हिंदी के बालसाहित्यकार प्राय: मूक श्रोता होते हैं। कोई प्रतिरोध नहीं। इस दृष्टि से भारतीजी के स्वाभिमान की सराहना करनी होगी। उनकी बेबाकी से न केवल जनसामान्य का अपितु दिग्गज आलोचकों का ध्यान भी बालसाहित्य की ओर गया। बड़े-बड़े लेखकों से उन्होंने बालसाहित्य लिखवाया और आजीवन बालसाहित्य को लेकर अभिनव प्रयोग करते रहे। 

कहानी, कविता, नाटक, लेख विज्ञान और समीक्षा-हर क्षेत्र में उनका अवदान है। उनके साहित्य के विविध रंग है। उसमें कल्पना का प्राचुर्य भी है और यथार्थ की स्निग्धता भी। एक शिशु का तोतलापन है तो एक बालक का खिलंदड़ापन आर एक किशोर-मन की कुलबुलाहट ओर चिंतन भी। यही उनकी रचनाधर्मिता की खूबी है कि उन्होंने किसी वाद से बँधकर नहीं लिखा। जी हाँ, मुझे बड़ा आश्चर्य होता है कि जब उन पर प्राचीनता के पोषक होने  का आरोप मढ़ा देखता हूँ।  वह राजा-रानी और परीकथाओं के पक्षधर थे, यह बात तो दीगर है लेकिन उन्होंने आधुनिकता की उपेक्षा की हो, पता नहीं कुछ स्वनामधन्य आलोचकों को ऐसा क्यों लगता है? स्वयं भारतीजी के शब्दों में- क्या अपनी धरती से कट जाना ही आधुनिकता है? आधुनिकता पुराने को पूरी तरह त्याग देने में नहीं होती। हाँ, नित नूतन बने रहने में होती है।(बालसाहित्य : इक्कीसवी सदी में, पृ. 36) इसी पुस्तक में उन्होंने लिखा है- बाल  रुचि को किसी एक तरह की कहानियों के घेरे में नहीं बाँधा जा सकता। बालक सभी तरह की कहानियों में रुचि रखते हैं। कभी-कभी आयु के अनुसार रुचि में अंतर होता है। जैसे छोटे बच्चे पशु-पक्षियों की कथाएँ अधिक पसंद करते हैं जबकि बड़े बच्चे इनमें कम रस ले पाते हैं। भारतीजी का साहित्य वाद-मुक्त और मनोवैज्ञानिकता से परिपूर्ण है। 

    हीरों का हार , रंग -रंग के फूल खिले, झिलमिल  कथाएँ और मेरी  प्रिय बालकहानियाँ  जैसी कथा-पुस्तकों के बहाने उन्होंने खेल-खेल में मनोरंजन करते हुए बच्चों को जीवनोपयोगी शिक्षाएँ दी हैं। इनमें राजा-रानी, परी और आधुनिक हर तरह की कथाएँ हैं। 

    उनकी कहानी आमिर गरीब  (श्रेष्ठ बालकहानियाँ, पृष्ठ509, संपादक-डॉ. बालशौरि रेड्डी) मेहनत और लगन की महता प्रतिपादित करती है। अन्य कहानी माँ की अमानत (हिंदी की श्रेष्ठ बालकहानियाँ, पृष्ठ-79, संपादक-डॉ. उषा यादव) की शैली अद्भुत है। खासकर कहानी आरंभ से ही पाठकों को बाँधने में सक्षम है-ठुम्मक ठुम्मक......ठुम्मक ठुम्मक...। ऊँटगाड़ी दिल्ली की ओर चली जा रही थी। यह कहानी एक लुटेरे जगमल के हृदय परिवर्तन को इस अंदाज में बयां करती है कि पाठक का मन ही भीग जाता है। ऐसे ही कहानी गुब्बारे  (किशोरों की श्रेष्ठ कहानियाँ, पृष्ठ 34, संपादक-नागेश पांडेय संजय) यह मिथक तोड़ती है कि वे पारंपरिक कहानियों के पोषक थे। कहानी का पात्र संजीव अपंग है किंतु असमर्थता और उपहास उसके लक्ष्य को डिगा नहीं पाते और वह एक दिन कीर्तिमान स्थापित करता है। दीप  जले, शंख बजे (चुनी हुई बालकहानियाँ, पृष्ठ-82, संपादक-डॉ. रोहिताश्व अस्थाना) बालिका कथा है। हिंदी में बालिकाओं के जीवन और अनुभूतियों की कम ही कहानियाँ हैं। यह कहानी पैल्दी नामक लड़की के जीवत और उच्च संस्कारों की मनोरम प्रस्तुति है। 

कानपुर में मंच पर भारती जी 

फूलों के गीत, विज्ञानं गीत,  गा गा गा, रुनझुन रुनझुन शिशु के गुनगुन गीत जैसी पुस्तकों में उनकी सरस-सहज कविताएँ हैं। विज्ञान के क्लिष्ट विषयों पर ग्राह्य भाषा में लेखन नि:संदेह उन्हें विशिष्ट बनाता है। रॉकेट  पर उनकी एक चर्चित कविता देखिए- 

राकेट उड़ा हवा में एक, लाखों लोग रहे थे देख।  पहले खूब लगे चक्कर, हुआ  अचानक छू-मंतर। जा पहुँचा चंदा के पास, जहाँ  न पानी, जहाँ न घास। 

उलटे पाँव लौट आया, साथ धूल-मिट्टी लाया। 

ऐसे ही बालकों के ज्ञानवर्धक, मनोरंजन और बौद्धिक व्यायाम की दृष्टि से लिखित उनकी पहेली भी उल्लेखनीय है-

बसा पेट में एक नगर, नहीं  नगर में रहूँ मगर। सदा तैरता हूँ जल पर, मगर न कहना मुझे मगर। (जहाज)

    उनके एकांकी संग्रह चाँद पर  पर चहल-पहल के क्या कहने! इसमें 8 मंचीय एकांकी हैं। सामाजिक, आधुनिक और वैज्ञानिक विषयों पर। अभिनेयता इनमें प्राणवत विद्यमान है। 

    भारतीजी मूलत: विज्ञान के विद्यार्थी थे। उनका वैज्ञानिक लेखन प्रामाणिक और रोचक है। अंतरिक्ष कितना जाना-कितना अनजाना, भारत का प्रथम अंतरिक्ष यात्री  , चलो  चांद पर चले, अनंत  आकाश, अथाह सागर, सच  होते सपने, बिजली  रानी की कहानी जैसी न जाने कितनी पुस्तकें उन्होंने बच्चों के लिए लिखीं। उनका निबंध पानी  में चाँद और चाँद पर आदमी आज भी उ.प्र. के हाई स्कूल के पाठ्यक्रम में है।  इस सबके बाद भी यदि कोई उन्हें  प्राचीनता  का पोषक या आधुनिकता का विरोधी कहता  है तो यह सिर्फ उसकी दरिद्र और दयनीय मानसिकता का ही द्योतक है।

    बालसाहित्य के क्षेत्र में प्राचीनता और आधुनिकता को लेकर बहुत वाक्-व्यायाम चला लेकिन बिना विचलित हुए भारतीजी अपने काम में लगे रहे। नंदन  उनके संपादन काल  में लोकप्रियता के कीर्तिमानों का स्पर्श करता रहा। विश्व की न जाने कितनी अद्वितीय कृतियों (जिनमें अधिकांशत: आधुनिक ही थी) के अनुवाद नंदन  में उन्होंने प्रकाशित किए । 

 भारतीजी ने समीक्षा का क्षेत्र पकड़ा तो कई कृतियों से बालसाहित्य का भंडार भर दिया। 'बाल  पत्रकारिता स्वर्ण युग की ओर', 'बाल  साहित्य इक्कीसवी सदी मे',  'कम्प्यूटर  क्रांति और बालक' उनकी बेजोड़ समीक्षा पुस्तकें हैं इनमें उनके दीर्घकालीन बालसाहित्यिक अनुभवों जिनमें कटु अनुभव भी हैं) का निचोड़ है। बालक से जुड़े हर व्यक्ति के लिए इनकी महता है क्योंकि इनमें चिंतन है, मनन है, आकलन है और शोध दृष्टि भी। 'बाल पत्रकारिता स्वर्ण युग की ओर' पुस्तक पर तो पहली बार भारत सरकार से भारतेंदु हरिश्चंद्र पुरस्कार दिया गया था। हां, पुस्तक  'बालसाहित्य इक्कीसवीं सदी में' पुस्तक में भारतीजी ने भले ही  (भूमिका में ही) पृष्ठ -सीमा की दुहाई देते हुए अनेक लेखकों की चर्चा न हो सकने की विवशता प्रदर्शित कर दी हो लेकिन बहुत से महत्वपूर्ण ओर अत्याज्य नामों की चर्चा न होना उचित नहीं लगता ।  महत्त्वपूर्ण नाम छूटने से  इतिहास प्रभावित ओर विकृत होता है। 

यहाँ पर उनके संपादन में प्रकाशित 125 बालगीतों के संग्रह हिंदी  के श्रेष्ठ बालगीत की चर्चा भी जरूरी है। इसे भारतीय भाषाओं में सबसे बड़ा संग्रह बताया गया है जबकि पूर्व में पिल्ललु पाटलु् शीर्षक से 500 बालगीतों को संग्रह तेलगु में छप चुका था। ऐसी भूलों (जो किसी से भी संभव है) का निराकरण अवश्य किया जाना चाहिए। 

    खैर...., कोई भी संपूर्णता का दावा नहीं कर सकत। सीमाओं के लिए तो हर कहीं अवसर हैं, किंतु इससे भारतीजी के समर्पण, श्रम और सामथ्र्य पर प्रश्न चिह्न नहीं लगाया जा सकता। उनका कृतित्व बहुआयामी था। वे सच्चे बालमित्र थे। मौलिक सूझ-बूझ, अदम्य साहस और अपने ढंग के अनूठे प्रयासों के लिए वे हमेशा जाने और माने जाएँगे।     भारतीजी का एक बड़ा काम, जिसकी चर्चा कम हो सकी या कह सकते हैं कि तथाकथित महानुभावों ने जानबूझ कर ही उसकी चर्चा न की हो। उन्होंने एक महत्वपूर्ण ग्रंथ संपादित किया था - भारतीय  बालसाहित्य का इतिहास।  वर्ष 2002 में इसे अखिल भारती, 3014, चर्खे वालान, दिल्ली-110016 ने प्रकाशित किया था। उस दौर में लोग-बाग हिंदी साहित्य के इतिहास में बालसाहित्य के उल्लेख न होने का रूदन भर करते थे किंतु भारतीजी ने इस दिशा में पहल की ओर बालसाहित्य के इतिहास लेखन हेतु मार्ग प्रशस्त किया।  

    भारतीजी कुशल वक्ता थे। कई बार वे एक गर्वोक्ति भी करते थे, आप पाँच हजार आदमी मेरे सामने खड़े कर दो। मैं अपने वक्तव्य से उन्हें बाँध सकता हूँ। लेकिन यह बात सोलह आने सच थी। 

    जीवन के अंतिम समय में वे कई आयोजनों में जाने लगे थे। बाल वाटिका, भीलवाडा  द्वारा आयोजित बाल साहित्य शताब्दी समारोह  से वे बहुत प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा भी था, यहाँ आकर मुझे बहुत परितोष मिला हैं। डॉ. गर्ग  मेें बालसाहित्य के प्रति अद्भूत समर्पण है।

भारती जी 31 वर्षों तक नंदन के सम्पादक रहे। उनके संपादन काल मे नंदन बाल साहित्य जगत में छाई रही। एक पत्रिका को लोकप्रियता के शिखर पर कैसे पहुंचाया जाए, यह जानने के लिए नंदन के उनके सम्पादनकाल के अंक पलटने होंगे। 

जयप्रकाश भारतीजी के साथ मेरे ढेरों संस्मरण हैं। कभी वक्त पाकर उन्हें लिखूँगा। मगर आगरा में उनके साथ बिताए पल मैं भूल नहीं पाता। किसी ने कहा था कि आलोकनगर के पास खुरचन बहुत अच्छी मिलती है। खुरचन खाने के मोह में हम लोग जाने कितना पैदल चले गए थे मगर बाद में  रबड़ी खाकर संतोष करना पड़ा। 

उन्हीं दिनों मूर्धन्य बालसाहित्यकार द्वारिकाप्रसाद माहेश्वरी का निधन हुआ था। भारतीजी, डॉ. राष्ट्रबंधु जी और मैं उनके घर पहुँचे। माहेश्वरी जी की छड़ी, उनका चश्मा-उनकी टोपी, उनके बेटे डॉ. विनोद माहेश्वरी जी ने बड़े सलीके से रखी थी। कितनी देर तक हम लोग उसे निहारते रहे थे। उनके घर के पास द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी मार्ग की स्थापना की गई थी। भारतीजी यह देखकर बहुत प्रसन्न हुए थे। 

    क्या ऐसा प्रयास भारतीजी को लेकर दिल्ली में नहीं होना चाहिए? 

   आज भारतीजी नहीं हैं। अपनी पुस्तक 'बाल साहित्य इक्कीसवीं  सदी मे' की भूमिका में उन्होंने लिखा था, जीवन  की ढलान पर मैं खड़ा हूँ। ......इक्कीसवीं सदी बालक की है। अगले कई दशकों में बालक के बारे में अध्ययन, मनन और शोध का कार्य बहुत अधिक होगा। बालक की पुस्तक के बारे में दिलचस्पी जगेगी।... उन दिनों मैं इस ढलान से फिसल चुका होऊँगा।

     5 फरवरी 2005 को दिल्ली में उनका देहांत हो गया। 

     वाकई भारतीजी भले ही आज हमारे मध्य नहीं है किंतु उनके स्वप्न जीवित हैं। उनकी आशाएँ साकार होती दिख रही हैं। उनका विश्वास जगमगा रहा है और उसकी दमक से बालसाहित्य निखर उठा है। 

(जयप्रकाश भारती जी पर डॉ. शकुन्तला कालरा जी के सम्पादन में भावना प्रकाशन, दिल्ली  से  दो पुस्तकें आई  हैं. मेरा यह आलेख बाल साहित्य के युग निर्माता पुस्तक में प्रकाशित हुआ था, यह आलेख मेरी पुस्तक 'बाल साहित्य का शंखनाद' में भी संकलित है.)



गुरुवार, 20 मई 2021

संपर्क

पत्राचार 
डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'
237, सुभाष नगर, 
शाहजहांपुर-242 001 (उत्तर प्रदेश)

ई मेल 
dr.npsanjay@gmail.com

दूरभाष 
094516 45033


पुस्तक समीक्षा : राष्ट्रीय फलक पर स्वातंत्र्योतर बाल कविता का अनुशीलन मध्यप्रदेश के विशेष संदर्भ में

पुस्तक : राष्ट्रीय फलक पर स्वातंत्र्योतर बाल कविता का अनुशीलन 
(मध्यप्रदेश के विशेष संदर्भ में)
लेखक : डॉ सुधा गुप्ता अमृता 
प्रकाशक : नमन प्रकाशन नई दिल्ली
 मूल्य : 650 ₹
समीक्षक : डॉ नागेश पांडेय संजय

    हिंदी बालसाहित्य के विकास में मध्यप्रदेश का महत्वपूर्ण योगदान है। बालसाहित्य के क्षेत्र में एक अभिनव क्रांति का सूत्रपात करने वाले कीर्तिशेष हस्ताक्षर डॉ. हरिकृष्ण देवसरे मध्यप्रदेश के ही थे जिन्होंने न केवल बालसाहित्य के क्षेत्र में युगांतरकारी परिवर्तन किए, अपितु हिंदी में बालसाहित्य पर सर्वप्रथम शोध प्रबंध लिखकर पी एच. डी. उपाधि भी प्राप्त की । डॉ. सुधा गुप्ता 'अमृता' भी मध्यप्रदेश की हैं, जो मूलत: अध्यापन से जुड़ी हैं और बालसाहित्य के प्रति उनके मन में असीम अनुराग है। उन्होंने उत्कृष्ट बाल साहित्य का प्रणयन तो किया ही है; बालसाहित्य को मान्यता दिलाने के प्रति भी सजग और सचेत रही हैं।
समीक्ष्य कृति इस तथ्य का सहज प्रमाण है, जिसके माध्यम से मध्यप्रदेश में स्वातंत्र्योत्तर बालकविता की दशा और दिशा को अत्यंत श्रम एवं विद्वता के साथ उकेरने की कोशिश की गई है। हिंदी बालसाहित्य के क्षेत्र में संपन्न अधिकांश शोध प्रबंध प्राय: आधे और अधूरे होते हैं । इसका मूल कारण यह भी है किबाल साहित्य की सही स्थिति का ज्ञान न तो निर्देशक को होता है और न ही उस बेचारे शोधकर्ता को जिसका उद्देश्य येन–केन प्रकारेण महज उपाधि प्राप्त करना होता है । इस दृष्टि से डॉ. सुधा की प्रशंसा करनी होगी क्योंकि स्वयं बालसाहित्य की लेखिका होने के नाते जहाँ उन्होंने बाल साहित्य के महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुशीलन किया है, वहीँ अपने वृहद संपर्क के बल पर जो मानक शोध सन्दर्भ सामग्री जुटाई है, वह अभूतपूर्व है।
    बालकवि बैरागी जी ने उनके विषय में ठीक ही लिखा है कि उन्होंने अगले शोधार्थियों के लिए इस आँगन को बुहार दिया है। निःसंदेह शोध एक अनंत परंपरा है, यह पुस्तक इस तथ्य को भी बखूबी प्रमाणित करती है कि बाल साहित्य पर उत्कृष्ट सामग्री का अब अभाव नहीं है। अभाव है तो मनोयोग से समर्पित उन जिज्ञासुओं का जो अपने अध्ययन, अनुशीलन से काल के कपाल पर अपने स्वर्णिम हस्ताक्षर कर सकें।
    डॉ. सुधा गुप्ता का यह शोध प्रबंध नौ विशिष्ट अध्यायों में विभक्त है। यद्यपि अपने प्राक्कथन से ही उन्होंने बालसाहित्य के अभिनव सरोकारों की बाँकी- बाँकी झांकी प्रस्तुत कर दी है जिसकी रम्यता पाठक को सहज, उत्सुक और उत्साहित कर देती है। उनकी यह परिभाषा मैं विशेष रूप से उद्धृत करना चाहूंगा कि, 'बालसाहित्य ही वह जीवन घूंटी है जो बालमन को पुष्ट कर उसे जीवन जीने की कला सिखाता हुआ समस्याओं से जूझकर निकल आने की कला सिखाता है।' डॉ. सुधा गुप्ता 'अमृता' की यह पंक्ति जैसे बालसाहित्य के समग्र स्वरूप को सहज रेखांकित कर देती है और बालसाहित्य के चिरस्थायी महत्त्व और उसकी गरिमा का बोध जनमानस को बड़ी ही संजीदगी के साथ कराने में जैसे किसी वकालतनामे सी प्रतीत होती है। प्रथम अध्याय में बालसाहित्य की अवधारणा को स्पष्ट करने में उन्हें पूर्ण सफलता मिली है। बालसाहित्य की चर्चित सुचर्चित परिभाषाओं को उद्धृत कर उन्होंने इस अध्याय को विशेष प्रामाणिक बना दिया है । दूसरे अध्याय का शीर्षक थोड़ा अटपटा है। क्योंकि तीन बिंदुओं और भी लम्बे-लम्बे वाक्यों में विभक्त है किन्तु, यह अध्याय 'गागर में सागर' से कम भी नहीं है।
    लेखिका ने चर्चित हस्ताक्षरों के माध्यम से बालसाहित्य की सामयिक स्थिति का आकलन उसकी महत्ता को निरूपित करते हुए किया है। अगले अध्यायों में बालसाहित्य की लोकप्रिय विधा कविता के विविध सोपानों की चर्चा है। खासकर पांचवें और छठे अध्यायों के बहाने बालसाहित्य के भाषायी अभिलक्षणों का गहन और विशद विवेचन करने के लिए सुधा जी की भूरि भूरि प्रशंसा करनी होगी स बुंदेली, बघेली, निमाड़ी और मालवी जैसी विभाषाओं में लुप्तप्राय: साहित्य को याद करते हुए उन्होंने जिस शास्त्रीयता के साथ सृजित साहित्य पर दृष्टिपात किया है, वह तत्वाभिनिवेशी दृष्टि उन्हें एक गंभीर समीक्षक भी सिद्ध करने में समर्थ है। अच्छी बात यह भी है कि इन अध्यायों के बहाने बालसाहित्य पूर्व निर्धारित प्रतिमानों की भी सविस्तार चर्चा हुई है जिसका अध्ययन हर उस बालसाहित्यकार हेतु आवश्यक है जो बालसाहित्य के क्षेत्र में समर्थ लेखनी का हिमायती है।
    सातवें और आठवें अध्याय का सम्बन्ध बालसाहित्य के व्यावहारिक पक्ष से है। बाल साहित्य और बालक की रुचि की उपेक्षा के दुष्परिणामों की ओर संकेत करते हुए बालसाहित्य की अनिवार्यता उदघाटित की गई है। आठवें अध्याय में मीडिया के दोनों अर्थात इलेक्ट्रानिक और प्रिंट पक्षों में बालसाहित्य की जरूरत को विशिष्ट तर्कों के साथ उद्घाटित किया गया है।
    नवें अर्थात अंतिम अध्याय में मध्यप्रदेश के बाल साहित्यकारों पर चर्चा की गई है। नि:संदेह मध्यप्रदेश की पावन माटी में बाल साहित्य के समर्थ रचनाधर्मियों का वर्चस्व है। यह अध्याय शोध की नवीन संभावनाओं की ओर भी ध्यान आकर्षित करता है । स्वतंत्र रूप से भी मध्यप्रदेश के अन्यान्य बाल साहित्यकारों के कृतित्व पर कार्य की संभावनाएं अभी शेष हैं।
    परिशिष्ट के रूप में बालसाहित्य के यायावर साधक डॉ. राष्ट्रबन्धु और बालकवि बैरागी के साक्षात्कार भी संकलित हैं जिनसे पुस्तक को गरिमा मिली है। डॉ. राष्ट्रबंधु ने विश्वविद्यालयों में बाल साहित्य के पठन-पाठन की जिस जरूरत की ओर संकेत किया, वह विचारणीय है। भावी माता पिता को यदि बाल साहित्य का ज्ञान नहीं होगा तो निश्चय ही बालकों में बाल साहित्य के प्रति रुचि कैसे जाग्रत हो सकेगी ?
    बाल साहित्यकारों को बहुभाषाविद होने का भी उनका सुझाव गौरतलब है क्योंकि अभी भी बहुतेरा उत्कृष्ट बालसाहित्य अनुवाद की बाट जोह रहा है। और इसकी कमी के चलते भारत के नौनिहालों को बालसाहित्य अप्राप्य है। भारत विविध संस्कृतियों का देश है अस्तु बालकों को भी विविध क्षेत्रों के बालसाहित्य से परिचित कराना सामाजिक दायित्व है।
    कुल मिलकर यह शोध प्रबंध पुस्तक रूप में अपनी महत्ता सदैव सिद्ध करता रहेगा स डॉ. सुधा गुप्ता को उनके अनथक श्रम और सार्थक प्रयत्न के लिए बधाई दी। जानी चाहिये और उनके लिए सर्वोत्तम बधाई यही होगी कि इस पुस्तक का व्यापक प्रचार प्रसार हो। यह पुस्तक बालसाहित्य से जुड़े हर अनुरागी तक पहुंचे, यही इसकी सार्थकता है ।
    आकर्षक आवरण और सुरुचिपूर्ण मुद्रण से सुसज्जित इस पुस्तक का मूल्य किंचित अधिक है, किन्तु श्रेष्ठ सामग्री और मंहगाई के युग में प्रयुक्त अच्छे कागज को देखते हुए यह ज्यादा गौरतलब नहीं है । डॉ. सुधा गुप्ता का अत्यंत समर्पण एवं मनोयोग से किया गया बालकविता का यह अनुशीलन बाल साहित्य की श्रीवृद्धि में अपनी उल्लेखनीय भूमिका का निर्वाह करेगा, इसमें संदेह नहीं । लेखिका के साथ-साथ उनके निर्देशक और प्रकाशक को भी हार्दिक बधाई

 • डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'
(शाश्वत सृजन,मासिक, उज्जैन, पृष्ठ :7, ISSN : 2455-1201)



मंगलवार, 18 मई 2021

डॉ. नागेश पांडेय 'संजय' के पत्र/पत्रिकाओं में प्रकाशित आलेखों का विवरण

 (इन प्रकाशित आलेख /शोधपत्र/साक्षात्कार/परिचर्चा इत्यादि को प्राप्त करने के लिए लेखक के ईमेल dr.npsanjay@gmail.com पर सम्पर्क कर सकते हैं.) 

1.बाल साहित्य स्तरीय परख की जरूरत, परिचर्चा, राष्ट्रीय सहारा, 12 दिसंबर 1994, नई दिल्ली

2.आज का बाल साहित्य, संग्रथन, जनवरी 1995, पृ 15, हिंदी विद्यापीठ केरल

3.रचना नियोजन धर्मी डा. राष्ट्रबंधु, बाल साहित्य समीक्षा, मार्च 1995, पृ. 12

4. अथ श्री बाल साहित्य कथा, पंजाब सौरभ, मई 1995, पृ. 37, भाषा विभाग, पंजाब सरकार

5. श्रेष्ठ बाल साहित्य की जरूरत,(तमिल चंदामामा के संपादक स्वामी नाथन से साक्षात्कार ) दिव्या, जुलाई 1995, पृ. 36, दिल्ली

6. बालक और उसकी नैतिकता को निर्धारित करने वाले घटक, विश्वज्योंति, अप्रैल-मई,1995, पृ. 87, विश्वेश्वरानन्द वैदिक शोध संस्थान, होश्यारपुर (पंजाब)

7.दादी अम्मा मानवती आर्या, बाल साहित्य समीक्षा, अक्टूबर, 1995, पृ.23

8. वर्तमान बाल साहित्य एक अवलोकन, प्रज्ञा साहित्य,पृ. 17, लखनऊ, जनवरी 1996

9. बालकों में सृजन क्षमता का विकास, विश्वज्योंति, जून 1996 पृ.179   विश्वेश्वरानन्द वैदिक शोध संस्थान, होश्यारपुर (पंजाब)

10. जयदेव शर्मा कमल शेषाशेष स्मृतियां, बाल साहित्य समीक्षा, जुलाई 1996, पृ. 28, कानपुर

11. बाल पहेलियां सृजन और सार्थकता, राष्ट्रीय सहारा, 24 नवंबर 1996

12. सृजन और स्थिति की दृष्टि से बाल साहित्य, परिचर्चा, मृदुलय नव-दिस. 1996, आगरा

13. बाल साहित्य सेवक भालचंद सेठिया, बाल साहित्य समीक्षा, मार्च 1997, पृ. 29

14. बाल साहित्य गतिविधिया और परिलब्धियां, बाल साहित्य समीक्षा, मई 1997,पृ. 21

15. बाल साहित्य प्रसारक, बाल साहित्य समीक्षा, सितंबर 1997, पृ. 26

16. नैतिक शिक्षा के सोपान के रूप में बाल साहित्य की भूमिका, बाल साहित्य समीक्षा, मार्च 1998, पृ. 23

17. जिनकी हर प्रस्तुति मौलिक कृष्ण शलभ, बाल साहित्य समीक्षा, जून 1998 पृ.10

18.बाल साहित्य में स्वस्थ आलोचना की जरूरत, बच्चे और आप, 16 मार्च 1999, पृ. 1

19. बाल साहित्य के समर्पित साधक राजनारायण चौधरी, बाल साहित्य समीक्षा, जून 1999, पृ, 23

20. बाल वाटिका की वार्षिक यात्रा, बाल वाटिका स्मारिका 1999, भीलवाड़ा, पृ 13 

21. बाल कहानियाँ स्वरूप और सार्थकता, नेपाल बाल साहित्य समाज, जर्नल, काठमांडू 2000

22. किशोर साहित्य कल और आज, राष्ट्रीय सहारा, नई दिल्ली, 27 फरवरी 2000

23. बच्चों  के अमर कवि द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी , बाल साहित्य समीक्षा, मई 2000 पृ.27

24. बाल साहित्य के तत्वाभिनिवेशी, बाल साहित्य समीक्षा, जुलाई 2000 पृ.20

25. बाल साहित्य और अभिभावक, बच्चो का देश, नवंवर 2000, पृ. 31, जयपुर

26. नवयुग बाल साहित्य का स्वर्ण युग, फरवरी 2001, विश्वज्योंति, पृ. 30

27. बाल कहानी दशा-दिशा, बाल वाटिका, नवम्बर,2001, पृ.15

28. बच्चो की यथार्थ कहानियाँ, आजकल, नवम्बर,2001, पृ. 20, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, नई दिल्ली

29. सफल लेखक कुशल संपादक भगवती प्रसाद दिवेदी, बाल साहित्य समीक्षा,दिसंबर 2001 पृ. 15

30. डा रत्नलाल शर्मा जो व्यक्ति पहले थे, बाल साहित्य समीक्षा, जनवरी 2002,पृ.24

31. बाल साहित्य को महकाती एक संपूर्ण पत्रिका, बाल वाटिका, मार्च-अप्रैल 2003,  पृ. 25

32. हिंदी की पहली कहानी : बाल कहानी, बाल वाटिका मार्च-अप्रैल 2003. पृ. 16

33. बाल साहित्य में स्वस्थ आलोचना की जरूरत, डा. रत्नलाल शर्मा न्यास स्मारिका,2003, पृ.19

34. बाल साहित्य मे लघु शोध, बाल वाटिका, जून 2004, पृ.66, 

35. बाल साहित्य में चौर्य वृत्ति, बाल साहित्य समीक्षा, नवंबर 2004, पृ. 26

36. बाबा नागार्जुन की बाल कहानियां, बाल साहित्य समीक्षा, जून 2005, पृ. 26

37. बाल कविता में शलभ का अंदाजे बयां, बाल साहित्य समीक्षा, जुलाई 2005,पृ.19

38. बाल अनुभूति और चिंतन के कवि दिविक रमेश, बालसाहित्य समीक्षा, जनवरी 2006,पृ. 20

39. बाल प्रहरी का दो साल का सफर, बाल प्रहरी, अप्रैल जून 2006. पृ. 43, अल्मोड़ा

40. डा. प्रतीेक मिश्र की अंतिम यात्रा, बाल साहित्य समीक्षा,अप्रैल 2009, पृ. 4

41. प्राथमिक शिक्षा के साहित्यिक सरोकार, स्मारिका, पृ.24 , राष्ट्रीय शैक्षिक संगोष्ठी, डाइट, शाहजहाँपुर, 2009

42. बडे भाई डा. विनय मानवीय विश्व स्नेह समाज, प.ृ 26 नवंबर 2009. इलाहाबाद

43. बाल काव्य के विविध रूप, कुतुबनुमा, अक्टूबर-दिसंबर 2010, पृ.-20 मुंबई, बाल वाटिका, अक्टूबर ,2010, पृ. 29,

44. वर्तमान बाल साहित्य और उसका भविष्य, इंगित, 2010, पृ. 111, राष्ट्रीय संगोष्ठी, म. भारतीय हिन्दी साहित्य सभा, ग्वालियर

45. बालिकाओ के लिए साहित्य, बाल वाटिका, दिसम्बर ,2011, पृ.-6, भीलवाडा

46. बाल साहित्य मे अनुसन्धान, शोध दिशा-15, जुलाई-सितम्बर,2011, पृ. -314, बिजनौर

47. कितना उपयोगी है बच्चों के लिए शिक्षा  का आधुनिकीकरण, अभिव्यक्ति, 2011

48. बाल साहित्य की चुनौतियां और निवारण, बाल वाटिका, मार्च,2012, पृ.-11

49. बाल साहित्य मे व्याप्त विसंगतियाँ, बाल वाटिका, अप्रैल,2012, पृ.-6, भीलवाडा

50. बाल साहित्य अकादमी क्यों, बाल वाटिका, जुलाई ,2012, पृ.-8, भीलवाडा

51. कविता में बच्चों के होठो से दोस्ती की ताकत  (साक्षात्कार) अभिनव बालमन, जुलाई सितंबर 2012, पृ 11

52. बाल साहित्य सम्मेलन औचित्य और उपादेयता, बाल वाटिका, अगस्त ,2012, पृ.-8, भीलवाडा

53. बाल नाटक, उदंत, अक्टूबर 2012, पृ. 20, रिसर्च इंस्टीट्यूट आफ ओडिया चिल्ड्रंस लिट्रेचर, भद्रक, उडीसा

54. बाल साहित्य मे हमेशा रहेंगे डा. श्रीप्रसाद, बाल वाटिका, नवम्बर ,2012, पृ.-16,भीलवाडा

55. मैथिलीशरण गुप्त का बाल काव्य, बाल वाटिका, दिसम्बर,2012, पृ.-22, भीलवाड़ा

56. कैसा हो बाल साहित्य, अभिनव बालमन, जनवरी 2013, पृ. 18

57. समकालीन हिन्दी बाल कहानी: सम्वेदना और सन्दर्भ, बाल वाटिका, जनवरी, 2013, पृ.-35, भीलवाडा

58. बाल साहित्य के विकास मे कनौजी लोक साहित्य का प्रदेय, शोध दिशा-23, जुलाई-सितम्बर,2013, पृ.-111, बिजनौर

59. बाल कहानियोँ मे पर्यावरण संरक्षण चेतना, बाल वाटिका, अक्टूबर, 2013, पृ.-40, भीलवाडा

60. नई सोच के धनी थे हरिकृष्ण देवसरे, बाल वाटिका, मार्च,2014, पृ.-48, भीलवाडा

61. बहुआयामी कृतित्व के धनी थे जयप्रकाश भारती, बाल वाटिका, जुलाई, 2014, पृ.-28, भीलवाडा

62. बाल पहेलियों की विकास यात्रा, साहित्य अमृत, नवम्बर,2014, नई दिल्ली, पृ.50

63. बाल कविता के कालजयी हस्ताक्षर सीताराम गुप्त, बाल वाटिका, फरवरी 2015 पृ.37

64. बाल साहित्य के जादूगर राष्ट्रबंधु, बाल वाटिका, अप्रैल 2015, पृ. 22

65. बाल साहित्य मे चित्रांकन की उपादेयता, हिंदुस्तानी, अप्रैल-जून 2015, पृ. 166, हिंदुस्तानी एकेडमी, इलाहाबाद

66. यादों की खिड़की से झांकते मनोहर वर्मा, बाल वाटिका, जून 2015, पृ 28

67. करोगे याद तो ... , बाल वाटिका, अक्टूबर 2015, पृ. 98

68. बाल साहित्य की अमिट हस्ताक्षर शकुंतला सिरोठिया, बाल वाटिका, दिसंबर 2015, पृ. 30

69. आधुनिक सोच के महारथी आनंदप्रकाश जैन, बाल वाटिका, जुलाई 2016, पृ.38

70. शिक्षक, बालक और बाल साहित्य, बाल वाटिका, सितंबर 2016, प.ृ 35

71. अनूठे अंदाज के बाल कवि रामानुज त्रिपाठी, बाल वाटिका, अक्टूबर 2016, पृ.51

72. बालसाहित्य का शंखनाद, बाल वाटिका, जनवरी 2017, पृ. 30

73. सतरंगी बाल कविताओं का अनूठा संसार, बाल वाटिका, मार्च 2017, पृ. 42

74. मनोहर वर्मा: यादें और बस यादें, बाल वाटिका, मई 2017, पृ. 44

75. बालसाहित्य के अनन्य साधक श्रीनाथ सिंह, बाल वाटिका, अक्टूबर 2017, पृ. 49

76. पकड़ सको तो पकड़ो मेरे लगे हवा के पर (कृष्ण शलभ), बालवाटिका, दिसंबर 2017,पृ. 8

77. कहानियों के फूलों से महकती बाल वाटिका, बाल वाटिका, मार्च 2018, पृ. 48

78. बाल कथा साहित्य विविध रूप और संरचना के मानदंड, बाल वाटिका, मई 2018, पृ. 9

79. अनूठे बालसाहित्यकार और कुशल वाचक अमृतलाल नागर, पुस्तक संस्कृति, जुलाई-सितंबर 2018, पृ. 8

80. बालकथाओं में सांस्कृतिक चेतना, बाल वाटिका, अक्टूबर 2018, पृ. 9

80. बालसाहित्य के देवदूत विनोदचंद्र पांडेय विनोद, बाल वाटिका, नवंबर 2018, पृ. 46

81. बालसाहित्य के भगीरथ निरंकारदेव सेवक, बाल वाटिका, जनवरी 2019, पृ. 45

82. सबकी आंखों के शेरजंग गर्ग, बाल वाटिका, फरवरी 2019, पृ. 38

83. समकालीन बाल कहानियों में मूल्यपरक शिक्षा, बाल वाटिका, अक्टूबर 2019, पृ. 10

84. बाल साहित्य रचना धर्मी एवं आलोचक : शकुन्तला कालरा का साक्षात्कार, हरसिंगार, जून 2020,पृ. 135

......जारी....

© डॉ. नागेश पांडेय 'संजय'