रविवार, 9 मई 2021

'हिंदी के बाल साहित्यकार' : बाल साहित्य लेखकों के पतों की पहली पुस्तक


हिंदी के बाल साहित्यकार

बाल साहित्य लेखकों के पते और विवरण संकलित करने का कार्य सर्वप्रथम डॉ. राष्ट्रबन्धु जी ने किया। उन्होंने अपने शोध प्रबंध 'हिंदी बाल साहित्य का मनोवैज्ञानिक अध्ययन' (1971) के आठवें अध्याय में 75 बाल साहित्य लेखकों का अकारादि विवरण प्रस्तुत किया था। इसके बाद उनकी एक पुस्तक 'हिंदी के बाल साहित्यकार' 1984 में विद्या भूषण प्रकाशन, कानपुर से प्रकाशित हुई। इसमें पौने चार सौ बाल साहित्य लेखकों के पते पहली बार संकलित-प्रकाशित हुए थे। इसके पश्चात चक्रधर नलिन जी ने  तत्कालीन हिंदी बाल साहित्य लेखकों के पते संकलित कर बाल दर्शन मासिक के बाल साहित्यकार विशेषांक, जून 1993 में प्रस्तुत किए।

चक्रधर नलिन जी ने ही कालांतर में त्रैमासिक पत्रिका जिंदगी अखबार होकर रह गई के बाल साहित्य सृजन शोध और आलोचना विशेषांक, सितम्बर 1995 (अतिथि संपादक : डॉ. नागेश पांडेय 'संजय' ) में 131 बाल साहित्य लेखकों के पते प्रस्तुत किए थे।


जयप्रकाश भारती
जी ने 1995 में अपनी पुस्तक 'बाल साहित्य इक्कीसवीं सदी में' कुछ 
चुने हुए बाल साहित्य लेखकों का परिचय प्रस्तुत किया। 

बाद में देवपुत्र, मासिक पत्रिका ने बाल साहित्य लेखको के सचित्र परिचय अक्टूबर 1996 अंक में प्रकाशित किए। 1998 में डॉ. सुरेंद्र विक्रम ने बाल साहित्यकारों के पतों को अद्यतन करते हुए एक छोटी सी पुस्तिका 'बाल साहित्यकार निर्देशिका' शीर्षक से तैयार की। इसे मासिक देवपुत्र, इंदौर ने ही प्रकाशित किया था ।

निस्संदेह इस दिशा में वृहद स्तर पर उल्लेखनीय कार्य भारतीय बाल साहित्य शोध संस्थान, इंदौर ने किया। वहां से प्रकाशित 560 बाल साहित्य लेखकों का 'वृहद सचित्र बाल साहित्यकार कोश' (संपादक डॉ. राष्ट्रबन्धु, कृष्ण शलभ), बाल साहित्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धि है। इसे बाल साहित्य के प्रारंभिक 'इतिहास' के रूप में भी देखा जाना चाहिए, हिंदी साहित्य के प्रारम्भिक इतिहास/कविवृत्त भी परिचयात्मक ही हैं। 
 मैंने भी समकालीन बाल साहित्य लेखकों के सचित्र परिचय डिजिटली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक ब्लॉग बाल साहित्य लेखक  बनाया था। इस लिंक से उसे देख सकते हैं  बहरहाल, आज भी इस दिशा में अद्यतन कार्य करने की आवश्यकता है। उत्साही लेखकों/प्रकाशकों को इस क्षेत्र में आगे आना चाहिए।

                                                                                                            प्रस्तुति : नागेश पांडेय 'संजय'

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें